लालकुआ दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने रेकी, रात में तोड़ते थे ताले ,पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु अंगूठी, चांदी का मंगलसूत्र, पायल, दो जोड़ी बिछुए तथा सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त 25 हजार रुपये नगद बरामद

Spread the love

दिन में पेंट का काम तलाशने के बहाने रेकी, रात में तोड़ते थे ताले

 

लालकुआं पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; सोने-चांदी के आभूषण व 25 हजार रुपये बरामद

 

लालकुआं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में लालकुआं पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित 25 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। घटना में शामिल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार हल्दूचौड़ निवासी कलावती भट्ट उपचार के लिए करीब दो माह पूर्व अपनी पुत्री के पास बेंगलुरु गई थीं। इस दौरान उनका मकान बंद था। 4 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। मामले में थाना लालकुआं में मुकदमा संख्या 141/2026, धारा 305(A)/331(4) बीएनएस-2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजभूषण राणा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर 19 सितंबर 2026 को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से यासीन पुत्र सफी अहमद, निवासी डोंगपुरी, सरदारनगर चौराहे के पास, थाना गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 35 वर्ष को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस-2023 की बढ़ोतरी की गई है।
पेंट का काम तलाशने के बहाने करते थे रेकी
पुलिस पूछताछ में आरोपी के अनुसार वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू के साथ दिन के समय पेंट का काम तलाशने के बहाने क्षेत्र में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच आसपास के लोगों के सो जाने के बाद सरिया आदि की मदद से मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
फरार आरोपी पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल आबिद उर्फ लालू पुत्र मौ. हुसैन निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर फरार है। उसके खिलाफ थाना हल्द्वानी में चोरी, नकबजनी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की फूलदार अंगूठी, एक चांदी का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी के बिछुए तथा सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त 25 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।