लालकुआ/ हल्द्वानी धनतेरस-दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों के चेहरों पर खिली खुशियां, मुकेश बोरा ने तीन समितियों को बांटा 29.39 लाख का बोनस दी सौगात, 3.81 करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद पर मिला बोनस,  पशुपालकों ने जताया आभार — उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है दुग्ध संघ

Spread the love

धनतेरस-दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों के चेहरों पर खिली खुशियां, मुकेश बोरा ने तीन समितियों को बांटा 29.39 लाख का बोनस दी सौगात

3.81 करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद पर मिला बोनस,  पशुपालकों ने जताया आभार — उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है दुग्ध संघ

लालकुआं/हल्द्वानी। धनतेरस और दीपावली का त्योहार खुशियां, उमंग और नई उम्मीदें लेकर आता है। ऐसे में जब सालभर मेहनत कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले दुग्ध उत्पादकों को त्योहार से ठीक पहले उनकी मेहनत का सम्मान और आर्थिक सहयोग मिलता है, तो उनकी खुशियां दोगुनी हो जाती हैं। इसी भावना के साथ नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में रामपुर रोड, हल्द्वानी स्थित बैडा पोखरा, कालाढूंगी की कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। तीनों समितियों में कुल 3 करोड़ 81 लाख 41 हजार 440 रुपये की दुग्ध खरीद पर 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस वितरित किया गया।

धनतेरस और दीपावली से पहले बोनस की सौगात मिलने से दुग्ध उत्पादकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। पशुपालकों ने इसे उनकी मेहनत, समर्पण और वर्षभर की सेवा का सम्मान बताते हुए दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रति आभार व्यक्त किया। बोनस की राशि त्योहार की तैयारियों के बीच पशुपालक परिवारों के लिए आर्थिक सहारा बनी और उनके उत्साह को नई ऊर्जा मिली।

तीनों समितियों में लाखों रुपये का बोनस वितरित

बोनस वितरण के तहत बेड़ा पोखरा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार 891 रुपये की दुग्ध खरीद पर 13 लाख 94 हजार 748 रुपये का बोनस दिया गया। वहीं, कमोला समिति में 1 करोड़ 42 लाख रुपये की दुग्ध खरीद पर 10 लाख रुपये तथा दोहनिया समिति में 1 करोड़ 14 लाख 89 हजार 549 रुपये की दुग्ध खरीद पर 5 लाख 44 हजार 356 रुपये का बोनस वितरित किया गया। इस प्रकार तीनों समितियों के दुग्ध उत्पादकों को कुल 29 लाख 39 हजार 104 रुपये की बोनस राशि प्रदान की गई। कमोला समिति में इस अवसर पर वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित की गई।

उत्पादकों की मेहनत और विश्वास ही संघ की असली ताकत – मुकेश बोरा

दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग, संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। पशुपालक दिन-रात मेहनत कर दुग्ध उत्पादन के माध्यम से न केवल अपने परिवार की आजीविका चलाते हैं, बल्कि दुग्ध सहकारिता व्यवस्था को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनकी मेहनत का सम्मान करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना संघ की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का विश्वास और सहयोग ही संघ की असली ताकत है। त्योहारों के अवसर पर बोनस वितरण का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि पशुपालकों के परिश्रम के प्रति सम्मान प्रकट करना और उनके परिवारों की खुशियों में सहभागी बनना भी है। संघ भविष्य में भी उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनके हितों को प्राथमिकता देने तथा दुग्ध व्यवसाय को अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

अधिक दूध देने वाले उत्पादकों का भी हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान अधिक मात्रा में दूध उपलब्ध कराने वाले दुग्ध उत्पादकों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को सम्मानित किया गया। इस पहल से दुग्ध उत्पादकों का उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ बेहतर दुग्ध उत्पादन के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू और एफओ शांति कोरंगा सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।

त्योहार से पहले बोनस वितरण ने यह संदेश दिया कि दुग्ध संघ की प्राथमिकता केवल दूध का संग्रह और विपणन ही नहीं, बल्कि उस दूध के पीछे दिन-रात मेहनत करने वाले पशुपालकों का सम्मान, उनकी आर्थिक मजबूती और उनके परिवारों की खुशहाली भी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement