छुट्टी पर घर जा रहे युवक को टैक्सी में बैठाने के बहाने बनाया शिकार, सुनसान जगह ले जाकर लूटा आईफोन और सोने की बाली दो गिरफ्तार
100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हल्द्वानी पुलिस ने किया लूटकांड का खुलासा, लूटा गया सामान और पांच हजार रुपये बरामद
हल्द्वानी। दीपावली की छुट्टियों में अपने घर जाने की खुशी लेकर चंडीगढ़ से हल्द्वानी पहुंचे एक युवक को शातिर लुटेरों ने अपना निशाना बना लिया। पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी की तलाश कर रहे युवक को दो आरोपियों ने टैक्सी में बैठाने का झांसा दिया और प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर अपने साथ ले गए। इसके बाद दोनों उसे सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ लूटपाट कर फरार हो गए। मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेरीनाग निवासी मुकेश भट्ट चंडीगढ़ में निजी नौकरी करते हैं। दीपावली की छुट्टियों में घर जाने के लिए वह बस से हल्द्वानी पहुंचे थे। रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी तलाशने के दौरान दो अज्ञात युवक उनसे मिले। दोनों ने प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर उन्हें अपने साथ चलने को कहा। युवक उनके झांसे में आ गया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे सुनसान स्थान पर ले गए और उसका आईफोन, सात हजार रुपये की नकदी, हेडफोन तथा कान की सोने की बाली लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 383/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल सहित विभिन्न मार्गों पर लगे लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपियों की पहचान की और 9 नवंबर 2026 को रेलवे क्रॉसिंग राजपुरा के पास से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
* अभय सिंह उर्फ उड़ी पुत्र बबलू सिंह, निवासी वार्ड नंबर-12, राजपुरा, हल्द्वानी।
* सूरज आर्य पुत्र यशपाल आर्य, निवासी वार्ड नंबर-12, राजपुरा, हल्द्वानी।
लूटा गया सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का एक आईफोन, पीली धातु की एक छोटी कान की बाली, पांच हजार रुपये नकद और एक हेडफोन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव, कांस्टेबल विजय भारद्वाज एवं कांस्टेबल सतबीर सिंह शामिल रहे।



