(बड़ी खबर) महापौर गजराज सिंह बिष्ट की पहल लाई रंग, ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता’ में 183 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर, विजेता हुए सम्मानित, रील्स के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचेगी हल्द्वानी की पहचान

Spread the love

 

 

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से आयोजित ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता–2026’ का भव्य समापन हुआ। महापौर गजराज सिंह बिष्ट की पहल पर आयोजित इस अनूठी प्रतियोगिता में शहर के 183 युवाओं एवं सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी रील्स में हल्द्वानी की खूबसूरती, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय पहचान को डिजिटल मंच पर बखूबी बिखेरा। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य हल्द्वानी की प्रतिभाओं, रचनात्मकता और शहर की खूबसूरती को डिजिटल मंच पर नई पहचान दिलाई  आज सोशल मीडिया एक ऐसा सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसके जरिए किसी भी शहर की पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाई जा सकती है। इसी सोच के साथ युवाओं और सोशल मीडिया क्रिएटर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया गया।

 

गजराज बिष्ट ने कहा  प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी रील्स के माध्यम से हल्द्वानी की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों, स्थानीय खानपान, व्यापार, कला-संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को बेहद रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। इससे न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिला है, बल्कि हल्द्वानी की सकारात्मक छवि को भी व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया गया है।

 

नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 183 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। निर्णायक मंडल द्वारा सभी प्रतिभागियों की रील्स का मूल्यांकन करने के बाद विजेताओं का चयन किया गया। इसमें प्रथम पुरस्कार दीप चन्द्र भट्ट, द्वितीय पुरस्कार हेमन्त सिंह बिष्ट तथा तृतीय पुरस्कार मो. आसिम मिकरानी को प्रदान किया गया।

 

समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान शहर के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स के साथ संवाद भी किया गया। डिजिटल माध्यमों के जरिए हल्द्वानी की पहचान को और अधिक सशक्त बनाने तथा शहर की खूबियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

 

कार्यक्रम में पूर्व महापौर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सोशल मीडिया संयोजक भुवन जोशी, वरिष्ठ वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कुल्याल, सचिन साह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement