आँचल दुग्ध संघ डायरेक्टर की पुत्री खुशी मेहता ने चुनाव प्रचार में झोंकी ताकत
कोषाध्यक्ष पद पर दावेदारी, छात्रहित के मुद्दों को लेकर छात्र-छात्राओं से साधा संपर्क
लालकुआं/हल्दूचौड़। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। मतदान में अब महज 10 घंटे का समय शेष रह गया है। मंगलवार सुबह 8 बजे से मतदान होना है। ऐसे में चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने अंतिम समय में प्रचार और जनसंपर्क अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है।
इसी क्रम में बीएससी पांचवें सेमेस्टर की छात्रा खुशी मेहता कोषाध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी को लेकर समर्थकों के साथ छात्र-छात्राओं से संपर्क कर रही हैं। खुशी मेहता लालकुआं आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के डायरेक्टर गोविंद सिंह मेहता की पुत्री हैं।
जनसंपर्क अभियान के दौरान खुशी मेहता छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को जानने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए छात्रहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का भरोसा दिलाया।
खुशी मेहता ने कहा कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने विशेष रूप से पुस्तकालय में पर्याप्त एवं आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता तथा विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में महाविद्यालय में डिजिटल सुविधाओं और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों को मजबूत करने की दिशा में भी प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों का बेहतर लाभ मिल सके।
खुशी मेहता ने कहा कि छात्रसंघ केवल चुनाव तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना भी इसकी जिम्मेदारी है। छात्र-छात्राओं का समर्थन मिलने पर वह पुस्तकालय, डिजिटल सुविधाओं सहित अन्य छात्रहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि अब मतदान में केवल 10 घंटे शेष हैं, मंगलवार सुबह 8 बजे से अपने मताधिकार का प्रयोग करें और कोषाध्यक्ष पद पर उनके पक्ष में मतदान कर उन्हें विजय बनाने में अपना योगदान दें। मतदान को लेकर कॉलेज परिसर में चुनावी माहौल और प्रत्याशियों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है।
