(बड़ी खबर) महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार,पुरानी रंजिश और पिता की हत्या का बदला लेने की भावना में वारदात को दिया अंजाम, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज; डंडे, लोहे का पाना और पत्थर बरामद

Spread the love

 

 

रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के ग्राम किशनपुर छोई में 56 वर्षीय महिला विमला देवी की निर्मम हत्या के मामले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना और पुरानी रंजिश के चलते अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

 

पुलिस के अनुसार, डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर को सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, उम्र 56 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

 

मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 356/2026 के तहत धारा 332(सी), 103(1) और 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।

 

सीसीटीवी फुटेज ने खोला हत्या का राज

 

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस एवं एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में एक वाहन से उसका शव घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली।

 

पिता की हत्या का बदला लेने के लिए रची साजिश

 

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेने की भावना रखता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या कर दी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय दबोचा गया, जब वे शहर से फरार होने की फिराक में थे।

 

तीनों गिरफ्तार आरोपी

 

* मोहित फर्त्याल (32 वर्ष), पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी किशनपुर छोई, रामनगर।

 

* सैरान (21 वर्ष), पुत्र मुरसलीन, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी, रामनगर।

 

* मो. अब्बूजर (22 वर्ष), पुत्र मो. विलाल, निवासी खताड़ी, रामनगर।

 

हत्या में प्रयुक्त सामान और वाहन बरामद

 

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, घटना में इस्तेमाल वाहन संख्या UK04 AN6012 तथा मृतका के पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है।

 

एसएसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत

 

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस एवं एसओजी टीम में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सोन सहित रामनगर, कालाढूंगी, पीरूमदारा, छोई, मालधन और कोटाबाग चौकियों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने सफल अनावरण पर पुलिस टीम को 2,000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

 

तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है, लेकिन इस जघन्य वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement