लालकुआं हल्द्वानी समेत हजारों उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ, बिल संशोधन, स्मार्ट मीटर और विद्युत आपूर्ति संबंधी शिकायतों का होगा निस्तारण , ग्रामीण क्षेत्र में लगेंगे विशेष उपभोक्ता सेवा शिविर

Spread the love

 

 

हल्द्वानी। विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिलों से जुड़ी समस्याओं से निजात दिलाने और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए विद्युत वितरण खंड (ग्रामीण), हल्द्वानी की ओर से विशेष उपभोक्ता सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लालकुआं सहित हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान का अवसर मिलेगा।

 

अधिशासी अभियंता हल्द्वानी ग्रामीण एसके गुप्ता की पहल पर विद्युत वितरण उपखंड कमलुवागाजा, लालकुआं एवं टीपी नगर के अंतर्गत निर्धारित स्थानों पर तय तिथियों में शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में बिजली बिलों में गड़बड़ी, बिल संशोधन, स्मार्ट मीटर से संबंधित समस्याओं और विद्युत आपूर्ति में आ रही दिक्कतों की शिकायतें सुनी जाएंगी। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के सुझावों पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

विद्युत विभाग ने सभी संबंधित उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थान पर आयोजित शिविरों में पहुंचकर अपनी शिकायतों का समाधान कराएं। विभाग ने लंबे समय से बकाया विद्युत बिलों का भुगतान करने की भी अपील की है।

 

विभागीय अधिकारियों के अनुसार उपभोक्ता प्रत्येक कार्यदिवस में कार्यालय समय के दौरान विभाग के सभी कैश काउंटरों पर पहुंचकर अपने बिजली बिल जमा कर सकते हैं। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान करना है।

 

नोट: शिविरों की निर्धारित तिथियां और स्थानों की सूची उपलब्ध होने पर खबर में अलग से प्रकाशित की जा सकती है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement