पिथौरागढ़। उत्तराखंड में स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। शैक्षिक भ्रमण से लौट रहे बच्चों से भरी बोलेरो का चालक कथित तौर पर शराब के नशे में धुत था। हैरानी की बात यह है कि चालक ने सफर के दौरान महज 13 साल के एक नाबालिग छात्र के हाथों में गाड़ी का स्टेयरिंग थमा दिया। नाबालिग गाड़ी को संभाल नहीं पाया और बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बड़े बोल्डर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में सात बच्चे घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार विवेकानंद स्कूल गंगोलीहाट के छात्र-छात्राएं रविवार को एक कोचिंग संस्थान के माध्यम से शिक्षक हिमांशु उप्रेती के साथ शैक्षिक भ्रमण पर पिथौरागढ़ आए थे। बच्चों ने दिनभर गुरना मंदिर और चंडाक क्षेत्र का भ्रमण किया। शाम को वापसी के दौरान शिक्षक दूसरी गाड़ी से रवाना हो गए, जबकि बच्चों का एक दल बोलेरो में सवार था। बोलेरो में चालक गणेश बुंगला समेत कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें 10 छात्र-छात्राएं शामिल थे।
आरोप है कि चालक गणेश बुंगला शराब के नशे में था। उसने चलते वाहन में अपने बगल में बैठे 13 वर्षीय छात्र को स्टेयरिंग थमा दिया। पिथौरागढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर घाट के पास नाबालिग छात्र वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बोलेरो सड़क किनारे एक बड़े बोल्डर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में फंसे बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
बच्चों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही घाट चौकी प्रभारी सुरेश कंबोज पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में ये हुए घायल
घायलों में कुमतोला निवासी शशि (16), बुंगली निवासी तेजस (13), पाताल भुवनेश्वर निवासी कुमकुम बिष्ट (16), हर्षित (15), प्रियांशु (16), रिया (16) और बोलेरो चालक गणेश बुंगला शामिल हैं। कुछ बच्चों के सिर में चोट लगने के कारण उनका सीटी स्कैन भी कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि
हादसे के बाद बच्चों ने पुलिस को बताया कि चालक शराब के नशे में था और उसी ने 13 वर्षीय छात्र को गाड़ी का स्टेयरिंग पकड़ाया था। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उसके शराब पीने की पुष्टि हुई है।
पुलिस निरीक्षक ललित रावल के अनुसार, नशे में वाहन चलाने और बच्चों की जान जोखिम में डालने के मामले में चालक के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सवाल खड़े करती है बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही
यह हादसा स्कूली बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर ले जाने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर बच्चों को लेकर जा रहे वाहन चालक ने शराब पीकर गाड़ी क्यों चलाई और एक नाबालिग को स्टेयरिंग क्यों थमाया? गनीमत रही कि हादसे में किसी बच्चे की जान नहीं गई।



