हल्द्वानी में नशे के सौदागर पर पुलिस का बड़ा प्रहार! 64.80 लाख की 216 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी में करता था तस्करी, हिमाचल प्रदेश में भी NDPS मामले में जा चुका है जेल
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘मिशन ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 216 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 64 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। एसओजी नैनीताल और कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता एवं एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
16 नवंबर 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मंडी क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी गेट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 216 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सतीश कुमार (30 वर्ष) पुत्र ईश्वरी प्रसाद, निवासी ग्राम गालिबपुर, थाना डिबाई, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हल्द्वानी की बड़ी मंडी में सब्जी का कारोबार करता है। अधिक पैसा कमाने के लालच में वह अपने गांव के एक व्यक्ति के कहने पर बुलंदशहर से स्मैक खरीदकर हल्द्वानी लाया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी हिमाचल प्रदेश में भी एनडीपीएस के एक मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास का विस्तृत ब्योरा जुटाया जा रहा है।
इस मामले में कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 392/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक किससे खरीदकर लाया था और इस नशे के कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
संयुक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार, प्रभारी चौकी मंडी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, प्रभारी चौकी टीपी नगर, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू ओली शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने गिरफ्तारी टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2,000 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।



