पंचूर/हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी के निधन की सूचना मिलते ही शुक्रवार को उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। मां के अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने मां की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मां के प्रति उनका भावनात्मक जुड़ाव उस समय साफ दिखाई दिया, जब वह देर तक पार्थिव शरीर के पास बैठकर मां को निहारते रहे।
मां के निधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रातभर उनकी पार्थिव देह के पास बैठे रहे। जीवनभर सार्वजनिक जीवन में अनुशासन और दृढ़ संकल्प के लिए पहचाने जाने वाले योगी आदित्यनाथ का यह भावुक रूप वहां मौजूद परिजनों और ग्रामीणों को भी भावुक कर गया। मां के स्नेह और आशीर्वाद से जुड़ी यादों के बीच उन्होंने अपनी मां को अंतिम विदाई देने से पहले उनके साथ समय बिताया।
मां के निधन से व्यथित मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उनकी तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश भी लिखा। उनके संदेश में मां के प्रति गहरा सम्मान, श्रद्धा और आत्मीय लगाव झलकता नजर आया।
मुख्यमंत्री के पंचूर पहुंचने के बाद परिवार में शोक का माहौल रहा। मां के अंतिम दर्शन के लिए रिश्तेदारों, परिचितों और ग्रामीणों का पहुंचना जारी रहा। पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार सावित्री देवी बेहद सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव की महिला थीं।
परिजनों के मुताबिक, सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि शुक्रवार सुबह उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई थी। वह बीते करीब एक वर्ष से बोल भी नहीं पा रही थीं। निधन के समय घर पर महेंद्र सिंह बिष्ट सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
मां के निधन की सूचना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उस समय मिली, जब वह गोरखपुर में युवाओं को टैबलेट वितरित करने के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उनके सलाहकार अवनीश अवस्थी ने उन्हें यह दुखद समाचार दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने सभी आगामी कार्यक्रम स्थगित कर उत्तराखंड रवाना होने का निर्णय लिया। उनका गोंडा जाने का प्रस्तावित कार्यक्रम भी निरस्त कर दिया गया।
आज हरिद्वार के चंडी घाट पर होगा अंतिम संस्कार
परिजनों के अनुसार सावित्री देवी का अंतिम संस्कार आज शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर किया जाएगा। इसके लिए परिवार के सदस्य सुबह करीब सात बजे पंचूर गांव से सड़क मार्ग के जरिए हरिद्वार रवाना होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
मां से मिलने कई बार पहुंचे थे योगी
मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ का यह पांचवां पंचूर दौरा बताया जा रहा है। इससे पहले तीन मई 2022 को वह अपने भतीजे के चूड़ाकर्म संस्कार में शामिल होने पैतृक गांव पहुंचे थे। इस दौरान वह दो रात गांव में रुके और परिवार के साथ समय बिताया था। उस मुलाकात का एक भावुक प्रसंग काफी चर्चित हुआ था, जब मां सावित्री देवी ने बेटे को दही-चीनी खिलाकर विदा किया था।
इसी वर्ष नौ फरवरी को भी योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने उत्तराखंड पहुंचे थे। उस समय सावित्री देवी की आंखों का ऑपरेशन हुआ था। मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना था। मां ने बेटे के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद दिया था। मई 2026 में भी वह पंचूर पहुंचे थे और मां से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था।
पिता के अंतिम संस्कार में भी नहीं हो सके थे शामिल
योगी आदित्यनाथ का परिवार सात भाई-बहनों का है। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे। उनका 20 अप्रैल 2020 को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उस समय कोरोना महामारी के दौरान मुख्यमंत्री अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। उन्होंने पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर पाने का दुख भी सार्वजनिक रूप से व्यक्त किया था।



