उत्तराखंड रुद्रपुर मंडप सज गया, मेहमान जुट गए, लेकिन ऐन वक्त पर गायब हो गया दूल्हा, बारात का इंतजार करती रह गई दुल्हन

Spread the love

 उत्तराखंड रुद्रपुर मंडप सज गया, मेहमान जुट गए, लेकिन ऐन वक्त पर गायब हो गया दूल्हा, बारात का इंतजार करती रह गई दुल्हन

 

रुद्रपुर। शादी की खुशियों से दोनों परिवारों के घर गुलजार थे। मंडप सज चुका था, मेहमान जुटने लगे थे और दुल्हन पक्ष बरात के स्वागत की तैयारियों में व्यस्त था। हर किसी को दूल्हे के आने का इंतजार था, लेकिन ऐन वक्त पर ऐसा घटनाक्रम सामने आया कि शादी की खुशियां चिंता और मायूसी में बदल गईं। सात फेरों से ठीक पहले दूल्हा अचानक लापता हो गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा। उधर बरेली में दुल्हन बरात की राह देखती रह गई और इधर रुद्रपुर में दूल्हे के गायब होने से हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार रुद्रपुर के प्रीत विहार निवासी जगवीर सिंह पुत्र वैद्य राम का विवाह बरेली निवासी युवती से तय हुआ था। गुरुवार रात बरेली में विवाह समारोह आयोजित होना था। दोनों परिवारों ने शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। घरों में उत्सव का माहौल था और रिश्तेदार भी विवाह समारोह में शामिल होने पहुंच चुके थे।

 

बताया जा रहा है कि बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे जगवीर सिंह बिना किसी को कुछ बताए घर से कहीं चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की चिंता बढ़ती चली गई और शादी की तैयारियों के बीच परिवार के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई।

 

दूसरी ओर बरेली में दुल्हन पक्ष बरात के स्वागत की तैयारियों के साथ दूल्हे का इंतजार करता रहा। निर्धारित समय पर बरात नहीं पहुंची तो परिवार की चिंता बढ़ गई। बाद में दूल्हे के लापता होने की जानकारी मिलने पर दुल्हन पक्ष में आक्रोश फैल गया। खुद को सामाजिक रूप से अपमानित महसूस कर रहे युवती पक्ष के लोग गुरुवार देर रात रुद्रपुर कोतवाली पहुंच गए।

 

वहां उन्होंने एसएसआई खुशवंत सिंह से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की और कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने दूल्हे के परिजनों को भी कोतवाली बुलाया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई, लेकिन माहौल गरमाता रहा और तीखी नोकझोंक भी हुई।

 

युवती पक्ष का कहना था कि विवाह की पूरी तैयारियां करने के बाद ऐन मौके पर दूल्हे के गायब हो जाने से उन्हें भारी मानसिक परेशानी और सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा है। वहीं दूल्हे के पिता वैद्य राम ने भी पुलिस को तहरीर देकर अपने पुत्र की तलाश कर उसे बरामद करने की मांग की है।

 

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। शादी के मंडप में सात फेरों का इंतजार करती दुल्हन और अचानक गायब हुए दूल्हे का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement