हल्द्वानी कुमाऊं पुलिस का अपराधियों पर बड़ा शिकंजा, 2,516 वारंटी गिरफ्तार , 34.61 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ बरामद , आईजी निवेदिता कुकरेती ने अपराध गोष्ठी में दिए सख्त निर्देश

Spread the love

 

हल्द्वानी। कुमाऊं परिक्षेत्र में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वर्ष 2026 में अब तक पुलिस ने छह जनपदों में 2,516 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। वहीं नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत 554 मुकदमे दर्ज कर 726 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस दौरान 34.61 करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ भी बरामद किए हैं।

 

शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती की अध्यक्षता में हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, साइबर अपराध, नशा तस्करी और आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। आईजी ने सभी जनपद प्रभारियों को अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

 

वारंटियों की गिरफ्तारी में ऊधमसिंहनगर सबसे आगे

 

अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुमाऊं के छह जनपदों में कुल 2,516 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें ऊधमसिंहनगर में सर्वाधिक 1,583, नैनीताल में 537, पिथौरागढ़ में 206, चम्पावत में 89, अल्मोड़ा में 65 और बागेश्वर में 36 वारंटियों की गिरफ्तारी हुई। आईजी ने फरार और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रखने को कहा।

 

नशा तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार

 

मुख्यमंत्री के नशामुक्त उत्तराखंड अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई तेज की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत 554 अभियोग दर्ज कर 726 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में 67.59 किलोग्राम चरस, 9.652 किलोग्राम स्मैक, 1,239.747 किलोग्राम गांजा, 61,513 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल, 2,455 नशीले इंजेक्शन, 71 नशीले सिरप और 0.232 किलोग्राम एमडीएमए बरामद किया गया।

 

आईजी ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल तस्करों के साथ-साथ उनके पूरे नेटवर्क पर निगरानी रखी जाए। अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

 

साइबर ठगी पर अंकुश और पीड़ितों को राहत देने पर जोर

 

बैठक में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती को देखते हुए पीड़ितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साइबर ठगी की रकम को समय रहते फ्रीज कराने और पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने के लिए एनसीआरपी, मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल और ग्रीवांस रिड्रेसल मॉड्यूल का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया।

 

चुनाव-2027 को लेकर अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश

 

आगामी विधानसभा निर्वाचन को देखते हुए आईजी ने सभी जनपद प्रभारियों को मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने और संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों की पहचान करने के निर्देश दिए। चुनाव प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई करने तथा शस्त्र लाइसेंस धारकों के हथियार समय से जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

नए आपराधिक कानूनों के पालन में लापरवाही पर सख्ती

 

नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आईजी ने निर्धारित समयसीमा में आरोप पत्र और अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने, ई-साक्ष्य के अधिकाधिक इस्तेमाल तथा जीरो एफआईआर और ई-समन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। विभिन्न पुलिस पोर्टलों पर लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने पर भी जोर दिया गया।

 

इसके अलावा सर्दियों के मौसम में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा गया। विवाह समारोहों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन में न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन कराने के निर्देश भी दिए गए।

 

आईजी निवेदिता कुकरेती ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।

 

बैठक में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति, एसएसपी अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके, एसपी पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसपी चम्पावत रेखा यादव सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement