काशीपुर में 51 लोगों से जमीन के नाम पर रकम लेने का मामला आया सामने, एक सप्ताह में नौ लाख रुपये लौटाने के आदेश
हल्द्वानी। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में जनसुनवाई कर आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, प्लॉट पर कब्जा दिलाने, पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी, एमएसएमई के तहत सब्सिडी का भुगतान, बकाया धनराशि दिलाने सहित विभिन्न मामलों में फरियादियों ने अपनी शिकायतें रखीं। आयुक्त ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि गंभीर एवं लंबित मामलों में संबंधित अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि विवाद की छोटी समस्याएं तहसील स्तर पर ही निपटाएं अधिकारी
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद से संबंधित छोटी-छोटी शिकायतें उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों का निस्तारण उपजिलाधिकारी एवं तहसील स्तर पर ही हो जाना चाहिए। उन्होंने मंडल के सभी उपजिलाधिकारियों और तहसील अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता को छोटी समस्याओं के समाधान के लिए उच्च कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। स्थानीय स्तर पर ही शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
प्रयोरी लॉज मामले में तत्कालीन ईओ की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
नैनीताल शहर के अयारपाटा क्षेत्र स्थित प्रयोरी लॉज प्रकरण में तत्कालीन अधिशासी अधिकारी (ईओ) द्वारा विभागीय आख्या और मूल नक्शे का अवलोकन किए बिना नक्शा सत्यापित किए जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। वर्तमान अधिशासी अधिकारी ने बताया कि प्रयोरी लॉज कार्यालय में मूल अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। इस पर आयुक्त ने कहा कि जांच में यदि अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित तत्कालीन अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही शासन को भी कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा।
प्लॉट पर कब्जा नहीं मिला तो एक सप्ताह में लौटाने होंगे नौ लाख रुपये
काशीपुर निवासी बृजेश कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने नौ लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा था। प्लॉट की रजिस्ट्री के साथ दाखिल-खारिज की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी थी, लेकिन बाद में पता चला कि भू-स्वामी शमशेर सिंह ने जिस खाते की भूमि बेची थी, उसमें जमीन शेष ही नहीं थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने भू-स्वामी को एक सप्ताह के भीतर अन्यत्र भूमि उपलब्ध कराने अथवा नौ लाख रुपये वापस करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित लेखपाल के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
51 लोगों से जमीन के नाम पर रकम वसूलने का आरोप, एफआईआर के निर्देश
जनसुनवाई में किच्छा निवासी इफ्तिकार अहमद ने शिकायत की कि उन्होंने जोगा सिंह से प्लॉट खरीदने के लिए धनराशि दी थी, लेकिन भुगतान के बावजूद उन्हें जमीन नहीं मिली। जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति ने कथित तौर पर करीब 51 लोगों से भूमि के नाम पर रकम ली, लेकिन उन्हें प्लॉट उपलब्ध नहीं कराए। आयुक्त ने तहसीलदार किच्छा को मामले की जांच के निर्देश दिए। साथ ही आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ लैंड फ्रॉड एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने को कहा।
अन्य शिकायतों पर भी आयुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई में दीपक वर्मा ने भूमि पर कब्जा दिलाने, धन सिंह गड़िया ने जमीन उपलब्ध नहीं कराने पर धनराशि वापस दिलाने, राजकुमारी ने चोरी हुए जेवरात और नकदी वापस दिलाने, बॉबी राज ने वाहन ट्रांसफर नहीं कराने, मतेश सिंह ने सड़क निर्माण की बकाया धनराशि का भुगतान नहीं होने तथा जवाहर नगर निवासी शहाना ने पैतृक संपत्ति में हिस्सा दिलाने की मांग उठाई।
आयुक्त दीपक रावत ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। वहीं, जिन मामलों में तत्काल निर्णय संभव नहीं था, उनमें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ मामलों में दोनों पक्षों को साक्ष्यों सहित कार्यालय में उपस्थित होने के लिए तलब किया गया। आयुक्त ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही नहीं बरतने और आम जनता को समय पर न्याय दिलाने के निर्देश दिए।



