जौलजीबी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के शुभारंभ समारोह में जमकर हंगामा हो गया। मंच पर संबोधन के दौरान धारचूला विधायक हरीश धामी का माइक बंद किए जाने से वह भड़क उठे। आक्रोशित विधायक ने पोडियम को लात मारकर गिरा दिया और कुर्सी उठाकर हमला कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विधायक हरीश धामी ने प्रशासन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा करने और उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन गुंडागर्दी करेगा तो वह भी पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी साधा निशाना
विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री को डरपोक और भगोड़ा बताते हुए आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में की गई घोषणाएं अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय विधायक की बातों को ही गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है तो क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।
2027 के चुनाव में मुकाबले की चुनौती
विधायक ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जहां से भी चुनाव लड़ेंगे, वह उनके खिलाफ प्रचार करेंगे। अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले के शुभारंभ समारोह में हुए इस घटनाक्रम ने आयोजन के बीच राजनीतिक माहौल गरमा दिया।



