राजस्थान में कांग्रेस की चुनावी सुनामी, भाजपा के गढ़ में सेंध! मुख्यमंत्री भजनलाल के गृह जिले में कांग्रेस का परचम, वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ में भी भाजपा को झटका ,मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के तीनों प्रत्याशी चुनाव हारे

Spread the love

 

जयपुर। राजस्थान के पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्तारूढ़ भाजपा की राजनीतिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ग्रामीण अंचलों में आए चुनाव परिणामों ने प्रदेश की सियासत में नए समीकरणों के संकेत दिए हैं। सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ के नतीजों को लेकर हो रही है। दोनों ही स्थानों पर कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़कर अपनी ताकत का अहसास कराया है।

 

भरतपुर में कांग्रेस ने जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से 21 पर जीत हासिल कर एकतरफा बढ़त बनाई, जबकि भाजपा केवल नौ सीटों पर सिमट गई। एक सीट राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के खाते में गई। मुख्यमंत्री के गृह जिले में कांग्रेस की इस बड़ी सफलता को भाजपा के लिए सियासी झटके के तौर पर देखा जा रहा है।

 

उधर, झालावाड़ में भी कांग्रेस ने भाजपा के सामने कड़ी चुनौती पेश की। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का मजबूत राजनीतिक प्रभाव माने जाने वाले इस जिले के आठ नगर निकायों में से चार पर कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया। झालावाड़, भवानीमंडी, खानपुर और डग में कांग्रेस को सफलता मिली, जबकि झालरापाटन, अकलेरा और मनोहरथाना में भाजपा ने जीत दर्ज की। झालावाड़ नगर परिषद के 45 वार्डों में कांग्रेस ने 29 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा को 13 सीटें मिलीं।

 

चुनावी नतीजों में सीकर जिले की तस्वीर भी भाजपा के लिए निराशाजनक रही। प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के परिवार के तीन सदस्य चुनाव मैदान में उतरे थे, लेकिन तीनों को हार का सामना करना पड़ा। मंत्री के परिवार के प्रत्याशियों की पराजय ने भी चुनावी परिणामों को चर्चा का विषय बना दिया है।

 

भरतपुर के भुसावर क्षेत्र में कांग्रेस को एक सीट मिली, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने सात और भाजपा ने एक सीट पर जीत दर्ज की। वहीं रूपवास में निर्दलीय प्रत्याशियों का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। यहां निर्दलीयों ने नौ सीटों पर जीत हासिल की

 

राजस्थान के इन चुनाव परिणामों ने प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस की वापसी के संकेतों को लेकर बहस तेज कर दी है। मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा की कमजोर स्थिति और वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले क्षेत्र में कांग्रेस की बढ़त ने सत्तारूढ़ दल के सामने आत्ममंथन की चुनौती खड़ी कर दी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement