ऊधमसिंह नगर में बाल विवाह के तीन मामले, नाबालिगों की शादियां , हल्दी मेहंदी की रस्में समेत बारात घर तक पहुंची , कार्रवाई के चलते बिना दुल्हन के दूल्हा लौटा

Spread the love

 

 

रुद्रपुर/गदरपुर/किच्छा। ऊधमसिंह नगर जिले में बाल विवाह के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में नाबालिग बालिकाओं के विवाह की तैयारियों की सूचना मिलने पर प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों की टीमें सक्रिय हो गईं। संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन स्थानों पर नाबालिगों की शादी रुकवा दी गई। कार्रवाई के दौरान कहीं हल्दी-मेहंदी की रस्में पूरी हो चुकी थीं तो कहीं बरात तक घर पहुंच चुकी थी।

 

ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बाल स्टॉप सेंटर की टीम ने सूचना मिलने पर एक नाबालिग बालिका का विवाह रुकवा दिया। बालिका को हल्दी और मेहंदी लगाकर शादी की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। उसे वनखंडी मंदिर ले जाकर विवाह की रस्में संपन्न कराने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और विवाह रुकवाकर बालिका को संरक्षण में ले लिया।

 

वहीं, गदरपुर में बुधवार रात प्रशासन और सामाजिक संगठनों की संयुक्त टीम ने नाबालिग के विवाह की सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवा दी। इस मामले में दूल्हे समेत परिवार के पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। नाबालिग बालिका को देखरेख और संरक्षण के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है।

 

इधर, किच्छा के आजादनगर सोनेरा गांव में भी बाल विवाह का मामला सामने आया। यहां नाबालिग बालिका की शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं और उत्तर प्रदेश से बरात भी पहुंच गई थी। सूचना मिलने पर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल डेवलपमेंट (आईएसडी) की टीम मौके पर पहुंची और बालिका की उम्र से संबंधित दस्तावेज मांगे। हालांकि, परिजन उम्र का कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके।

 

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह की प्रक्रिया रुकवा दी। कार्रवाई के चलते बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।

 

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने जिले में बाल विवाह की रोकथाम और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासनिक टीमों की सक्रियता से तीन नाबालिग बालिकाओं का बाल विवाह होने से बच गया। अधिकारियों और सामाजिक संगठनों ने बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग को अवगत कराने की अपील की है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement