दीपावली के जश्न में पिस्टल से हर्ष फायरिंग, कांग्रेस नेता वैभव सैनी और पत्नी का वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच
रुड़की। दीपावली की खुशियों के बीच हरिद्वार जिले के रुड़की से हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कांग्रेस के जिला महामंत्री वैभव सैनी अपनी पत्नी स्वाति सैनी के साथ पिस्टल से हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि दीपावली की रात जश्न के दौरान वैभव सैनी ने पहले स्वयं पिस्टल निकालकर हवाई फायरिंग की। इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी स्वाति सैनी को पास बुलाया और उन्हें भी पिस्टल से फायरिंग करने के लिए कहा। वीडियो में पत्नी गोली चलाने से पहले घबराते हुए कहती सुनाई देती हैं कि उन्हें डर लग रहा है। इस पर वैभव सैनी उन्हें ‘करो’ कहकर प्रोत्साहित करते दिखाई देते हैं।
वीडियो में फायरिंग के बाद स्वाति सैनी एक हाथ से अपना कान बंद करती और सहमी हुई नजर आती हैं। इसके बाद दोनों के बीच दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान भी सुनाई देता है। घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
आर्म्स एक्ट के तहत हो सकती है कार्रवाई
वीडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग किस स्थान पर और किन परिस्थितियों में की गई। साथ ही इस्तेमाल किए गए हथियार के लाइसेंस और फायरिंग की वैधानिकता की भी जांच की जा रही है।
यदि जांच में नियमों के विरुद्ध हर्ष फायरिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट एवं अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इसके साथ ही शस्त्र लाइसेंस के संबंध में भी नियमानुसार निर्णय लिया जा सकता है।
दीपावली जैसे खुशियों के पर्व पर हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग सुरक्षा के लिहाज से गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



