(बड़ी खबर) -दानपात्र और अलमारी का ताला तोड़कर मंदिर में चोरी, पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी बनभूलपुरा निवासी से 2,808 रुपये नगदी समेत सामान किया बरामद

Spread the love

 

 

हल्द्वानी। मंगल पड़ाव स्थित शिव मंदिर में दानपात्र और अलमारी का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले का कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में बनभूलपुरा निवासी 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया सामान और 2,808 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

 

पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर 2026 को शिव मंदिर, मंगल पड़ाव निवासी गिरीश गिरी गोस्वामी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर के दानपात्र और अलमारी का ताला तोड़कर रुपये समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 303/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

 

घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी शुरू की। पुलिस जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर सात सितंबर 2026 को डीके पार्क के पास से हनी सिंह पुत्र श्याम सिंह, निवासी जवाहर नगर, बनभूलपुरा को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तांबे के लोटे, एक बड़ी घंटी, 12 छोटी घंटियां, एक पीतल का भगोना, एक पीतल का डोंगा तथा 2,808 रुपये नगद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल सुन्दर कोहली, कांस्टेबल संतोष बिष्ट और कांस्टेबल भूपाल सिंह शामिल रहे।