उत्तराखंड बॉर्डर से सटे यूपी के बहेड़ी में मौत का सामान तैयार कर रहे थे आरोपी! रात के अंधेरे में एसओजी का धावा, पाकिस्तान तक जुड़े हथियारों के तार, मचा हड़कंप, चार गिरफ्तार
बहेड़ी (बरेली)। उत्तराखंड की सीमा से सटे उत्तर प्रदेश के बहेड़ी क्षेत्र में अवैध हथियारों के कारोबार का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। यहां एक सुनसान खंडहर के भीतर रात के अंधेरे में मौत का सामान तैयार किया जा रहा था। एसओजी और बहेड़ी पुलिस की संयुक्त टीम ने अचानक धावा बोलकर अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया। मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। छापेमारी में रायफल, पिस्टल, तमंचे, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
इस कार्रवाई ने उस समय और गंभीर मोड़ ले लिया, जब पुलिस जांच में एक कथित पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सुखराज सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर बताए जा रहे अजमल गुर्जर के संपर्क में था। उसके मोबाइल फोन से हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत के डिजिटल साक्ष्य मिलने का दावा किया गया है। अब पुलिस इस संपर्क के पीछे छिपे नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई की संभावित कड़ियों को खंगाल रही है।
मुखबिर की सूचना पर रात 1:35 बजे खंडहर की घेराबंदी
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े गोपनीय इनपुट की जांच की जा रही थी। इसी दौरान शनिवार देर रात एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और बहेड़ी पुलिस को सूचना मिली कि बरेली-बहेड़ी मार्ग पर गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले सड़क किनारे स्थित एक खंडहर में अवैध हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रात करीब 1:35 बजे छापा मार दिया। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। चार आरोपी मौके पर ही दबोच लिए गए, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
तीन जिलों के आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
गिरफ्तार आरोपियों में बहेड़ी के सिकपुरा भोजपुर जोगीठेर निवासी सुखराज सिंह (19), पचपेड़ा निवासी शानू मियां (29), रामपुर के बिलासपुर क्षेत्र के स्वालेनगर निवासी जीवनदीप सिंह (24) और पीलीभीत के माधोटांडा क्षेत्र के मैनाकोट निवासी जसनूर सिंह (30) शामिल हैं।
मोबाइल में मिला पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क का सुराग
पुलिस के मुताबिक, सुखराज इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर के संपर्क में आया था। दोनों के बीच इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर हथियारों की सप्लाई को लेकर बातचीत होने के साक्ष्य मिले हैं। कई चैट डिलीट होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच और संपर्कों की पड़ताल कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कथित पाकिस्तानी संपर्क का हथियारों के कारोबार से कितना संबंध था।
हथियार तस्करी में जेल जा चुके इशरत पहलवान का नाम भी उछला
पूछताछ में इशरत पहलवान का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने फरार दोनों व्यक्तियों को इशरत पहलवान से जुड़ा बताया है। इशरत पूर्व में हथियार तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों ने उससे असलहा लेने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
रायफल, पिस्टल और तमंचों का जखीरा बरामद
पुलिस ने खंडहर से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक 9 एमएम की अवैध पिस्टल, एक 315 बोर की रायफल, 12 बोर की दो अधबनी लोहे की नाल, शिकंजा मशीन, हथियार बनाने के उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने किया खुलासा, फरार आरोपियों की तलाश तेज
रविवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर एसएसपी अनुराग आर्य ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले में बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
फिलहाल पाकिस्तानी संपर्क और अंतरराष्ट्रीय हथियार नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।



