नैनीताल। जिला योजना एवं विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया है। जिला योजना की प्रगति समीक्षा बैठक में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम खर्च और निर्माण कार्यों में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने कई विभागों के अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की तीनों डिवीजनों के अधिशासी अभियंताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में सामने आया कि 31 अक्टूबर तक शासन की ओर से निर्धारित न्यूनतम 58 प्रतिशत वित्तीय प्रगति के मुकाबले कुछ विभागों का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा। इस पर जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक शिक्षा से 30 प्रतिशत, मुख्य चिकित्साधिकारी से 34 प्रतिशत, मुख्य कृषि अधिकारी से 35 प्रतिशत, परियोजना निदेशक उरेडा से 45 प्रतिशत तथा मुख्य उद्यान अधिकारी से 55 प्रतिशत धनराशि खर्च होने पर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। जिला कार्यक्रम अधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया।
बाल विकास विभाग की टेंडर प्रक्रिया में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए जवाब तलब किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिप्राप्ति नियमावली के अनुरूप पूरी की गई निविदा प्रक्रिया को निरस्त न किया जाए, लेकिन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी।
पीएमजीएसवाई की तीनों डिवीजनों पर कार्रवाई की चेतावनी
20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान पीएमजीएसवाई की तीनों डिवीजनों ज्योलिकोट, हल्द्वानी और काठगोदाम की कार्यप्रणाली पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। सड़क निर्माण के निर्धारित 22 किलोमीटर लक्ष्य के मुकाबले मात्र 2.5 किलोमीटर कार्य पूरा होने और विभाग की डी श्रेणी में स्थिति होने पर तीनों डिवीजनों के अधिशासी अभियंताओं से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित कार्यों की टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किए जाएं। आचार संहिता की आड़ में अनावश्यक देरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता की धनराशि का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए। संबंधित विभाग तत्काल निर्माण एजेंसियों को धनराशि उपलब्ध कराएं और कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करें।
मेट्रोपोल और रामनगर पार्किंग की रोजाना मांगी रिपोर्ट
नैनीताल की मेट्रोपोल पार्किंग और रामनगर पार्किंग निर्माण कार्यों की धीमी गति पर पेयजल निर्माण निगम के अभियंताओं को फटकार लगाते हुए जिलाधिकारी ने दोनों परियोजनाओं की प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
ओखलकांडा मल्ला रोड में देरी की होगी जांच
ओखलकांडा मल्ला रोड निर्माण में हो रही देरी को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारी धारी को जांच अधिकारी नामित करते हुए सड़क निर्माण में विलंब के कारणों की विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
जांच में यह भी स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं कि यदि सड़क का मामला पहले से विवादित था तो उसे जिला योजना में किस अधिकारी या व्यक्ति ने और किन परिस्थितियों में शामिल कराया। इसके साथ ही निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों की भूमिका भी जांची जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अप्रैल तक अमृतपुर बायपास का डामरीकरण
बैठक में अमृतपुर बायपास निर्माण कार्य की भी विस्तार से समीक्षा की गई। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि बायपास सड़क की कटिंग का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा। अप्रैल 2027 तक डामरीकरण और मई 2027 के अंत तक पुल निर्माण का कार्य पूरा कर मार्ग को आवागमन के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देश दिए कि किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पानी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी को कृषि एवं उद्यान विभाग की अलग से समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिकारियों को स्वयं और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से स्व गणना फार्म भरवाने को कहा।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी ने बताया कि 31 अक्टूबर तक जनपद में जिला योजनांतर्गत 63.51 प्रतिशत, राज्य सेक्टर में 62.27 प्रतिशत, केंद्र पोषित योजनाओं में 76.96 प्रतिशत तथा बाह्य सहायतित योजनाओं में 100 प्रतिशत धनराशि व्यय की जा चुकी है।
इस दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि पंत, जिला समाज कल्याण अधिकारी विश्वनाथ गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



