दहेज की बलि चढ़ी कोहिनूर! पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार,

Spread the love

दहेज की बलि चढ़ी कोहिनूर! पति, सास, जेठ और ननद गिरफ्तार

बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग बनी विवाद की वजह, हत्या को आत्महत्या दिखाने की कोशिश का पुलिस का दावा

रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में दहेज की मांग को लेकर एक नवविवाहिता की कथित हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर नवविवाहिता की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास करने का भी आरोप है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद जनपद के डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम बुढनपुर निवासी नसीम अहमद ने 18 अक्टूबर 2026 को कोतवाली रामनगर में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई 2026 को रामनगर के खताड़ी क्षेत्र निवासी उवेश पुत्र फजले अली के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था। आरोप है कि विवाह में सामर्थ्य के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से बुलेट मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जा रही थी।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि 16 अक्टूबर 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) में मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रामनगर द्वारा की जा रही है।

विवाद के बाद हत्या और साक्ष्य छिपाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि कोहिनूर और उसके पति के बीच दहेज की रकम तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हो गए। पुलिस का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। इसके बाद उसके हाथ-पैर पकड़े गए और गर्दन पर दबाव डाला गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया और आत्महत्या किए जाने की बात प्रचारित की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम का परीक्षण किया जा रहा है। अन्य व्यक्तियों की भूमिका और अतिरिक्त साक्ष्यों के संबंध में भी विवेचना जारी है।

एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. उवेश (22 वर्ष) — पुत्र फजले अली, निवासी गैस गोदाम रोड, खताड़ी, रामनगर (पति)।
  2. नसरीन (50 वर्ष) — पत्नी फजले अली, निवासी रामनगर (सास)।
  3. अनस (23 वर्ष) — पुत्र फजले अली, निवासी खताड़ी, रामनगर (जेठ)।
  4. शबा (20 वर्ष) — पुत्री फजले अली, निवासी रामनगर (ननद)।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, चौकी प्रभारी छोई देवेंद्र सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सोमेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह भंडारी और महिला कांस्टेबल हरदेश कौर शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और विवेचना जारी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement